धामी के नेतृत्व में 2027 में उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार, UCC को बताया ऐतिहासिक कदम….


देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और राज्य सरकार के कार्यों की खुलकर सराहना की। देहरादून में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि गंगा मैया के आशीर्वाद और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा वर्ष 2027 में उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

यूसीसी लागू करने का फैसला ऐतिहासिक

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि धामी सरकार द्वारा लिए गए कई फैसले आज राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। विशेष रूप से समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के निर्णय को उन्होंने ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि उत्तराखंड ने पूरे देश को नई दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति के सम्मान, महिला अधिकारों और सामाजिक समानता के लिए धामी सरकार ने साहसिक और दूरदर्शी कदम उठाए हैं।

उत्तराखंड में विकास और सुशासन

नितिन नवीन ने चारधाम यात्रा के सफल संचालन, आधारभूत संरचना विकास, पर्यटन विस्तार और जनहित से जुड़े कार्यों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में विकास और सुशासन का जो मॉडल तैयार हो रहा है, उससे जनता का भाजपा के प्रति विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

विधानसभा चुनाव को लेकर क्या कहा

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना ही जीत की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भाजपा सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुँचाना होगा।

राजनीतिक दृष्टि से भी नितिन नवीन के इस दौरे को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके वक्तव्यों से यह संदेश साफ गया कि पार्टी नेतृत्व को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली और नेतृत्व पर पूरा भरोसा है तथा आगामी चुनावों में भाजपा विकास और सुशासन के मुद्दे पर जनता के बीच जाएगी।

Source link






Source link

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *